महागठबंधन दल के नेताओं ने खोला मोर्चा,बेगूसराय के तेघड़ा में सीपीआई उम्मीदवार का विरोध
बेगूसराय।विधानसभा चुनाव में सीपीआई की ओर से तेघड़ा विधायक रामरतन सिंह को दोबारा उम्मीदवार बनाए जाने पर महागठबंधन में शामिल राजद, कांग्रेस और सीपीआई नेताओं में नाराजगी है। रविवार को मरसैती गांव में महागठबंधन दलों की बैठक कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष महेन्द्र कुंवर व राजद नेता रामेश्वर सहनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
राजद नेता कामदेव यादव के संचालन में आयोजित बैठक में उपस्थित लोगों ने विधायक रामरतन सिंह को सीपीआई की ओर से फिर से प्रत्याशी बनाए जाने का एक स्वर से विरोध किया। पार्टी से उम्मीदवार बदलने की मांग की। कांग्रेस नेता महेन्द्र कुंवर ने कहा कि सीपीआई की ओर से रामरतन सिंह को दोबारा उम्मीदवार के रूप में थोपा जा रहा है, जो मंजूर नहीं है।
रामरतन सिंह ने जनता का विश्वास खो दिया
राजद नेता जनार्दन यादव ने कहा कि रामरतन सिंह ने जनता का विश्वास खो दिया है। उनके कार्यशैली व व्यवहार से आम जनता खुश नहीं है। कांग्रेस नेता दीपक सिंह ने कहा कि सीपीआई को अपने दूसरे नेता को भी मौका देना चाहिये। छात्र नेता मो. हसमत उर्फ बालाजी ने पार्टी से उम्मीदवार बदलने की मांग की.बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि पार्टी उम्मीदवार नहीं बदलेगी, तो महागठबंधन के कार्यकर्ता चुनाव में रामरतन सिंह का विरोध करेंगे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
