दलसिंहसराय मे सुहागिनों ने किया चांद का दीदार, पति की लंबी आयु मांगी
दलसिंहसराय।सुहाग का प्रतीक करवाचौथ पर्व शुक्रवार को दलसिंहसराय शहर सहित विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही सुहागिन महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। दिनभर व्रत रखकर उन्होंने अपने पति की लंबी उम्र, यश और समृद्धि की कामना की।
शहर के मेन बाजार मुहल्ले में सुहागिन शालिनी शिखा, वैभवी सितारिया, संध्या गुप्ता, श्रद्धा जायसवाल सहित गुदरी बाजार, बिआईपी कॉलोनी, ब्लॉक रोड और लोकनाथपुर सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिलाओं ने नए वस्त्र पहनी और सोलह श्रृंगार कर भगवान शिव, माता पार्वती और करवा माता की पूजा-अर्चना की।
पूजा के लिए घरों और मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया था। शाम ढलते ही महिलाएं सजी-धजी थालियों में दीप, फल, मिठाई, जल और करवा लेकर पूजा स्थल पर पहुंचीं। पारंपरिक रीति से कथा सुनने के बाद जब आसमान में चांद निकला तो महिलाओं ने छलनी से चांद को निहारा, फिर अपने पति का सौम्य चेहरा देखकर जल अर्पित किया और व्रत खोला। इस दृश्य ने पूरे माहौल को भक्ति और प्रेम से भर दिया। समस्तीपुर जिले में करवाचौथ का उल्लास देर रात तक बना रहा। चांद की चांदनी और सजी-धजी सुहागिनों की मुस्कान के साथ करवाचौथ का त्योहार का समापन हुआ।
बाजारों और ब्यूटी-पार्लरों में रही महिलाओं की भीड़ पर्व को लेकर बाजारों में भी दिनभर रौनक बनी रही। पूजा सामग्री, साड़ी, मेहंदी, चूड़ी और श्रृंगार की दुकानों पर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। कई ब्यूटी पार्लरों में भी महिलाओं की कतारें लगी रहीं। शहर के कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवाचौथ की पूजा की। जहां सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने बताया कि करवाचौथ न सिर्फ व्रत का पर्व है, बल्कि यह पति-पत्नी के प्रेम और समर्पण का प्रतीक भी है। युवा पीढ़ी में भी इस पर्व के प्रति उत्साह देखने को मिला।”
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
