Patna

पटना मेट्रो ट्रेन का एक और सेट जल्द आएगा,अप और डाउन के लिए ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा

पटना।मेट्रो ट्रेन का एक और सेट जल्द आएगा। अभी तीन बोगियों वाली एक ही मेट्रो ट्रेन का परिचालन हो रहा है। दूसरा ट्रेन सेट भी किराया पर लिया जाएगा। यह भी तीन बोगियों वाली होगी। अधिकारियों के मुताबिक, डीएमआरसी को एक और ट्रेन सेट को लीज पर लाने का निर्देश दिया गया है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

दूसरा सेट आने के बाद अप और डाउन के लिए अलग-अलग ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा। पिछले दिनों मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त जनक कुमार गर्ग ने निरीक्षण के दौरान पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को एक और ट्रेन सेट मंगाकर परिचालन कराने का निर्देश दिया था। पटना मेट्रो का उद्घाटन सोमवार को हुआ था। मंगलवार से आम यात्रियों के सफर की शुरुआत हुई है। तीन दिन में 20 हजार से अधिक लोगों ने मेट्रो का सफर किया है। मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों को पार्किंग की समस्या हो रही है। इसको ध्यान में रखकर स्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। अभी अस्थायी पार्किंग है। पीक एंड ड्रॉप की सुविधा दी गई है।

 

यहां निर्माण कार्य जारी

 

अभी तक मलाही पकड़ी से पटना विवि तक 1.5 किमी सुरंग का निर्माण पूरा हुआ है। वहीं, पटना विवि से पीएमसीएच, गांधी मैदान, आकाशवाणी तक सुरंग का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही बाइपास में खेमनीचक से मीठापुर और दानापुर में सगुना मोड़ से पाटलिपुत्र स्टेशन तक एलिवेटेड मेट्रो का तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है। पटना जंक्शन रूकनपुरा तक चलने वाली अंडरग्राउंड मेट्रो के छह भूमिगत मेट्रो स्टेशनों और सुरंग का निर्माण जल्द शुरू हो रहा है। इसके निर्माण पर 2,565.80 करोड़ खर्च होंगे। इसका निर्माण कार्य अगले 42 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है। इसकी लंबाई 9.35 किमी है। इसमें पटना स्टेशन, विद्युत भवन, विकास भवन, पटना जू, राजाबाजार, रूकनपुरा स्टेशन हैं।

 

शहर के 32.50 किमी इलाके में चलने वाली पटना मेट्रो के निर्माण पर 13,925.5 करोड़ खर्च हो रहे हैं। इसमें जापान इंटरनेशनल को-ऑपरेशन एजेंसी (जेआइसीए), केंद्र सरकार और बिहार सरकार की हिस्सेदारी है। पटना मेट्रो की रेड लाइन की लंबाई 16.86 किमी और ब्लू लाइन की लंबाई 14.56 किमी है। इसके निर्माण के बाद लोगों को 24 स्टेशनों पर चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेगी। इसका निर्माण कार्य 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!