मुजफ्फरपुर से हैदराबाद तक सीधी रेल सेवा:अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत,हाजीपुर के रास्ते चलेगी
मुजफ्फरपुर जंक्शन से चर्लपल्ली(हैदराबाद) तक अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हो गई है। यह सिर्फ एक ट्रेन सेवा नहीं, बल्कि उत्तर बिहार के लिए नई आर्थिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक संभावनाओं का द्वार खोलने वाली सौगात है।सुबह 11 बजे प्लेटफॉर्म 4 और 5 पर आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी, सांसद वीणा देवी विधायक विजेंद्र चौधरी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्य उद्घाटन कार्यक्रम पटना जंक्शन पर हुआ, जहां रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक साथ 7 नई ट्रेनों का शुभारंभ किया।
हाजीपुर, प्रयागराज के रास्ते चलेगी
स्टेशन पर रंग-बिरंगी सजावट, ढोल-नगाड़ों की थाप और यात्रियों की बड़ी भीड़ से माहौल जश्न जैसा था। जैसे ही ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई, तालियों और नारों से पूरा प्लेटफॉर्म गूंज उठा।15293/15294 मुजफ्फरपुर-चर्लपल्ली (हैदराबाद) अमृत भारत एक्सप्रेस हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, डीडीयू, प्रयागराज, जबलपुर, इटारसी, कटनी, सतना, नागपुर और काजीपेट के रास्ते चलेगी।
लोगों का सपना आज पूरा हुआ
केंद्रीय मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने कहा कि यह ट्रेन केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक-आर्थिक संबंधों को मजबूत करने वाली कड़ी है। विधायक विजेंद्र चौधरी ने कहा यह ट्रेन उत्तर बिहार के लाखों लोगों का सपना थी, जो आज पूरा हुआ।
लाखों यात्रियों को होगा फायदा
बता दें, हैदराबाद IT और इंडस्ट्री का बड़ा हब है। उत्तर बिहार से बड़ी संख्या में युवा शिक्षा और रोजगार के लिए जाते हैं। अब तक उन्हें लंबा चक्कर काटना पड़ता था या ट्रेन बदलनी पड़ती थी। नई सीधी सेवा से यात्रा तेज, सुरक्षित और आरामदायक हो जाएगी।रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन में आधुनिक कोच, बेहतर सीटिंग, अधिक स्पेस और ऊर्जा बचाने वाली तकनीक का उपयोग किया गया है। यह सुविधा लाखों यात्रियों के लिए राहत लेकर आई है। आने वाले समय में क्षेत्रीय विकास और कनेक्टिविटी का मील का पत्थर साबित होगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
