वैशाली में थानेदार शराब को नष्ट ना करके थाने से बेच रहा था शराब,उत्पाद विभाग ने मारा छापा, 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड
शराबबंदी वाले बिहार में थाने से ही शराब बेची जा रही है। बेचने वाला कोई और नहीं खुद थानेदार और सिपाही हैं।इसका खुलासा शनिवार की रात 3 बजे पटना से वैशाली के सराय थाना पहुंची उत्पाद विभाग की टीम ने किया। थाना परिसर में खड़ी पिकअप में शराब लोड किया जा रहा था। वहां टीम ने शराब तस्करों के साथ साथ पुलिसकर्मियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
यह शराब मालखाने से निकाली गई थी। मामले की जांच खुद एसपी कर रहे हैं। फिलहाल एसपी ने सराय थानाध्यक्ष बिदुर कुमार, मालखाना प्रभारी मुनेश्वर कुमार, संतरी सुरेश कुमार, थाना पहरा पर उपस्थित चौकीदार रामेश्वर राम को निलंबित कर दिया है। अब इनपर केस भी दर्ज किया जाएगा। चारों पुलिसकर्मियों से नगर थाने में पूछताछ की जा रही। है।
नष्ट करने की जगह सुरक्षित रख ली शराब
थाना क्षेत्र से जब्त 3728.220 लीटर शराब को नष्ट करना था। शनिवार को 2782.590 लीटर शराब को नष्ट किया गया था। बाकी 945.630 लीटर विदेशी शराब को पुलिस वालों ने सुरक्षित रख लिया और उसे मालखाने में रख दिया। फिर पुलिसकर्मियों ने तस्करों से सौदा किया। आधी रात बाद थाने में तस्कर पिकअप लेकर शराब लोड करने पहुंचा।
इसी दौरान पटना से पहुंची उत्पाद विभाग की टीम ने पूरा प्लान फेल कर दिया।
एसपी रवि रंजन ने बताया कि शराब का विनष्टीकरण क्यों नहीं हुआ? इसपर पूछताछ की जाएगी। फिलहाल सराय थानाध्यक्ष का प्रभार मुख्यालय हेड क्वार्टर डीएसपी देवेंद्र प्रसाद को सौंपा गया है। जब्त शराब और पिकअप की जिम्मेदारी इन्हीं को दी गई है।
प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी
वैशाली एसपी रवि रंजन ने कहा कि सराय थाना अंतर्गत शराब विनष्टीकरण का कार्य किया जा रहा था। शराब विनष्टीकरण क्यों नहीं किया गया है। इससे संबंधित दोषी पुलिस अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
