नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के पैंट्रीकार मैनेजर को 171.44 ग्राम हेरोइन के साथ किया गिरफ्तार
बेगूसराय।बरौनी,फुलवड़िया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के पैंट्रीकार में मैनेजर के रूप में काम करने वाले युवक समेत दो लोगों को 171.44 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से 171.44 ग्राम हेरोइन, 11,500 रुपए नकद, दो मोबाइल फोन, एक स्कूटी बरामद की। पुलिस के अनुसार जब्त हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपए है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर रही है। गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फुलवड़िया थाना क्षेत्र के बरौनी नगर परिषद, वार्ड संख्या-24, निपनियां निवासी उमेश यादव के पुत्र चंदन कुमार, तथा वैशाली जिले के सहदेई थाना क्षेत्र के शेखोपुर, वार्ड संख्या-12 निवासी योगेंद्र राय के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है।
घर से निकलने की तैयारी में था पैंट्रीकार मैनेजर थानाध्यक्ष विजय कुमार साहनी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि निपनियां निवासी चंदन कुमार नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के पैंट्रीकार में मैनेजर की ड्यूटी करता है। वह सिलचर से बड़ी मात्रा में हेरोइन लेकर अपने घर पहुंचा है। सूचना यह भी थी कि यहां से ड्रग्स की खेप दूसरे कारोबारी को सप्लाई की जानी है। इसके बाद पुलिस ने चंदन के घर के आसपास घेराबंदी की। निगरानी शुरू की। पुलिस के मुताबिक चंदन कुमार एक अन्य युवक के साथ स्कूटी से घर से निकलने की तैयारी में था। इसी दौरान पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बैग में एसी बोगी में इस्तेमाल होने वाले बेडरोल की चादर में लिपटे छोटे-छोटे डिब्बों में रखी हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार कुल 171.44 ग्राम हेरोइन मिली।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
