समस्तीपुर- घर के दरवाजे पर सो रहे शख्स की हत्या:सिर में मारी 3 गोलियां,पुलिस को अवैध संबंध का शक
समस्तीपुर के हसनपुर में शुक्रवार देर रात एक ग्रामीण चिकित्सक के सिर में तीन गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात की जानकारी परिजन को उस वक्त हुई, जब वे सुबह करीब 6 बजे सोकर उठे।मृतक की पहचान 50 साल के गुलजार अहमद उर्फ शाहीन के रूप में की गई है। घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटना परोरिया पंचायत के केशोरा गांव के वार्ड 13 की है।
मौके पर रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा, थानाध्यक्ष सुनील कांत और पुलिस टीम पहुंची है। सबूत इक्ट्ठा करने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।पुलिस के मुताबिक, मृतक का मोबाइल जब्त किया गया है। अवैध संबंध के एंगल समेत अन्य एंगल पर पड़ताल की जा रही है। मोबाइल खंगाला जा रहा है।
मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद मंसूर ने बताया कि मैं अपने घर में था। बाहर शोर सुनाई दे रहा था। मैं घर से निकलकर आया और भाई के घर गया तो भाभी रो रही थीं।उन्होंने मुझसे कहा कि किसी ने तुम्हारे भाई को गोली मार दी है। इसके बाद मेरे चाचा भी घटनास्थल पर आए और फिर आसपास के लोगों के साथ-साथ पुलिस को वारदात की जानकारी दी गई।
किसी तरह के विवाद पर मंसूर ने कहा कि इस बारे में मुझे कुछ नहीं पता। ये बहुत अच्छे आदमी थे। पेशे से ग्रामीण चिकित्सक थे। ये किसी मरीज के इलाज के बाद 10 से 20 हजार रुपए का बिल भी माफ कर देते थे। ये करीब 10 से 15 साल से गांव में डॉक्टरी करते थे।
रोजाना की तरह घर के दरवाजे पर सो रहे थेः बेटा
मृतक ग्रामीण चिकित्सक के बेटे मोहम्मद शादाब अनवर ने बताया कि पिता रात सिंधिया थाना क्षेत्र के बेहट गांव में एक छठी का भोज खाने के लिए गए हुए थे। रात करीब 10 बजे वे भोज खाकर लौटे थे।इसके बाद रोजाना की तरह घर के दरवाजे पर ही सो गए। पापा अकेले सोए हुए थे। घर का दरवाजा मुख्य आंगन के पास ही है, लेकिन फिर भी रात में गोली चलने की आवाज नहीं आई।
सुबह जब दादा और मां सोकर उठे और घर के दरवाजे पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि पापा के सिर में गोली लगी है।शादाब ने बताया कि हम लोग चार भाई और दो बहन हैं। दो भाइयों की शादी हो चुकी है।
रोसड़ा DSP बोले- कारण का फिलहाल पता नहीं
रोसड़ा के डीएसपी संजय सिन्हा ने कहा कि सुबह सूचना मिली थी कि मोहम्मद शाहीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।उन्होंने कहा कि घटनास्थल से दो खोखा बरामद हुआ है। तीन गोली मारी गई है। जांच के बाद ही हत्या की वजह के बारे में कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल, मृतक के परिजन से जानकारी जुटाई जा रही है।
परिवार में विवाद नहीं
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक के चार बेटों में से बड़ा और मंझला बेटा सऊदी अरब में रहता है। अब तक की जांच में पारिवारिक विवाद की बात अब तक सामने नहीं आई है।गांव में जमीनी विवाद की भी कोई चर्चा नहीं है। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है। पुलिस अफेयर के एंगल से जांच कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
