Samastipur

समस्तीपुर में गंडक नदी में मिला युवक का शव:10 घंटे पहले शौच के लिए निकला था

समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मूसेपुर गांव में शौच के लिए घर से निकले एक व्यक्ति का करीब 10 घंटे बाद गंडक नदी से शव मिला। मृतक की पहचान मूसेपुर गांव के वार्ड-8 निवासी कपिल देव पासवान के 45 वर्षीय बेटे सोनू पासवान के रूप में हुई है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

सोनू का शव नगर थाना क्षेत्र में खाटू श्याम मंदिर के पास गंडक नदी से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर परिवार तक पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई। नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

 

 

सुबह 7 बजे शौच के लिए निकले थे

 

परिजनों ने बताया कि सोनू पासवान शनिवार सुबह करीब सात बजे शौच के लिए घर से निकले थे। वह गांव के पास से गुजरने वाली गंडक नदी के किनारे गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिवार के लोगों को चिंता हुई।इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों में सोनू की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला।

 

इसी दौरान परिवार को जानकारी मिली कि नगर थाना क्षेत्र के खाटू श्याम मंदिर के पास गंडक नदी में एक व्यक्ति का शव मिला है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखकर उन्होंने उसकी पहचान सोनू पासवान के रूप में की।

 

दो भाइयों में बड़ा था सोनू

 

सोनू की पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शव मिलने की जानकारी के बाद आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।मूसेपुर गांव के राम बालक पासवान ने बताया कि सोनू पासवान दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता कपिल देव पासवान मजदूरी करके परिवार का गुजारा करते हैं। सोनू की अभी शादी नहीं हुई थी।नदी से अचानक सोनू का शव मिलने की खबर से परिवार के लोग सदमे में हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

नदी में कैसे डूबे, अभी स्पष्ट नहीं

 

नगर निगम के उपमेयर सह मूसेपुर गांव के रहने वाले ग्रामीण के अनुसार, गंडक नदी के किनारे जाने के बाद सोनू किसी तरह नदी में चला गया होगा। हालांकि, वह नदी में कैसे डूबा, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।

 

नगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

 

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

 

नगर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि खाटू श्याम मंदिर के पास गंडक नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। शव की पहचान मूसेपुर निवासी सोनू पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

 

थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आपदा के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता राशि के भुगतान की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *