Patna

राघोपुर में गंगा के बाढ़ के पानी में डूबा किशोर, घंटों चले SDRF के सर्च ऑपरेशन के बाद शव बरामद

हाजीपुर: राघोपुर प्रखंड की रुस्तमपुर पंचायत में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ. लोहा पुल के समीप गंगा नदी के बाढ़ के पानी में नहाने के दौरान 17 वर्षीय एक किशोर की डूबने से मौत हो गई. घटना गुरुवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे की बताई जा रही है. किशोर की डूबने की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की पहचान मलिकपुर गांव निवासी विनोद राय के 17 वर्षीय पुत्र निशांत कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

विज्ञापन

 

दोस्तों के साथ नहाने के दौरान पैर फिसलने से हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निशांत सुबह अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था. सभी साथी रुस्तमपुर लोहा पुल के पास गंगा नदी के बाढ़ के फैले पानी में नहाने लगे. इसी दौरान नहाते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में चला गया.

 

जब तक उसके साथी और आसपास मौजूद ग्रामीण कुछ समझ पाते और बचाने के लिए दौड़ते, तब तक वह तेज धार में समा गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने किशोर के परिजनों और स्थानीय पुलिस को इस दुर्घटना की सूचना दी.

 

स्थानीय गोताखोरों और SDRF की टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय गोताखोरों की मदद से पानी में किशोर की तलाश शुरू कर दी.

 

सूचना मिलते ही रुस्तमपुर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची. एसडीआरएफ के जवानों ने मोटर बोट और आधुनिक उपकरणों के सहारे नदी में कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया. काफी मशक्कत के बाद टीम ने किशोर के शव को गहरे पानी से बरामद किया.

 

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लोहा पुल के पास किशोर के डूबने की सूचना मिली थी. एसडीआरएफ की टीम के सहयोग से शव को पानी से बाहर निकाला गया.पुलिस ने सभी आवश्यक कानूनी और कागजी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया संपन्न होने के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *