शहीद एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्री की मौत, हाजीपुर में उतारा गया शव
हाजीपुर,शहीद एक्सप्रेस में सफर के दौरान सोमवार शाम एक यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जीआरपी एस्कॉर्ट टीम ने हाजीपुर जंक्शन पर शव को ट्रेन से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मंगलवार सुबह परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।मृतक की पहचान सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव, वार्ड नंबर-2 निवासी स्वर्गीय विजय मंडल के 45 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण मंडल के रूप में हुई। वह करीब एक महीने पहले काम की तलाश में हरियाणा गए थे।
रविवार को हरियाणा से शहीद एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोमवार शाम करीब सात बजे रास्ते में उनकी मौत हो गई। ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने इसकी सूचना जीआरपी एस्कॉर्ट टीम को दी। सूचना पर पहुंची टीम ने हाजीपुर जंक्शन पर शव उतारकर आगे की कार्रवाई की। परिजनों को सूचना दी।मंगलवार सुबह सदर अस्पताल में शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। लक्ष्मण मंडल अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गए। मृतक के भांजे ओमप्रकाश मंडल ने बताया कि उनके मामा रविवार दोपहर हरियाणा से शहीद एक्सप्रेस पकड़कर सुपौल लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। जीआरपी थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि एस्कॉर्ट टीम से यात्री की मौत की सूचना मिली थी।