Begusarai

खोदावंदपुर में गाजे-बाजे के साथ निकली कलश विसर्जन शोभायात्रा

बेगूसराय.खदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र के तारा बरियारपुर स्थित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी बाल पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले का गुरुवार को भव्य कलश विसर्जन शोभायात्रा के साथ समापन हो गया. इस अवसर पर गाजे-बाजे और धार्मिक जयघोष के बीच निकाली गयी शोभायात्रा में 101 कलशधारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

विज्ञापन

 

10 सितंबर की संध्या पूजा स्थल से कलश विसर्जन शोभायात्रा निकाली गयी. शोभायात्रा तारा सर्कल चौक तक पहुंचने के बाद पुनः वापस लौटी और बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच- 55 होते हुए तारा चौक, बरियारपुर पश्चिमी एवं मिर्जापुर चौक पहुंची. इसके बाद श्रद्धालु बांध के रास्ते बूढ़ी गंडक नदी के रामघाट पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच कलश के साथ भगवान श्रीकृष्ण एवं माता राधा रानी की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया.

 

विसर्जन शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया तथा धार्मिक एवं भक्ति गीतों की धुन पर झूमते हुए शोभायात्रा का आनंद लिया. पूरे मार्ग में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा. सात दिनों तक चले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले के दौरान पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा. मेले में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से लोगों में खासा उत्साह देखा गया. विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी पूरे आयोजन में आकर्षण का केंद्र रही.

 

कार्यक्रम की सफलता में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी बाल पूजा समिति एवं मेला समिति के अध्यक्ष सिंघेश्वर मल्लिक, सिकंदर शर्मा उर्फ चंद्रगुप्त मुनि, सचिव राजीव कुमार, कोषाध्यक्ष श्रीराम पंडित सहित समिति के अनेक सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. समिति के सदस्यों ने मेले और विसर्जन शोभायात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *