Begusarai

मंसूरचक में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेले की शुरुआत:5 दिन चलेगा मेला

बेगूसराय के मंसूरचक में देर रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ पांच दिवसीय जन्मोत्सव मेले की शुरुआत हो गई है। यह मेला प्रखंड मुख्यालय से सटे नारायण चौक से फाटक चौक, मेन बाजार और सिमरतल्ला चौक होते हुए समसा चौक तक करीब 5 किलोमीटर के दायरे में फैला है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

मेले में कुल 13 पूजा पंडाल बनाए गए हैं। इनमें भगवान श्रीकृष्ण और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पंडालों को सुंदर तरीके से सजाया गया है और पूरे मेला क्षेत्र में रोशनी का भी अच्छा इंतजाम किया गया है।

 

मंसूरचक में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने की परंपरा 35 साल पुरानी है। समय के साथ यह आयोजन बड़ा होता गया और अब यह मेला मंसूरचक के साथ-साथ आसपास के इलाकों के लोगों के लिए भी खास आकर्षण का केंद्र बन गया है। भगवानपुर और बछवाड़ा के अलावा समस्तीपुर जिले के रोसड़ा, हसनपुर, उजियारपुर, विभूतिपुर और दलसिंहसराय प्रखंडों से भी बड़ी संख्या में लोग इस मेले में आते हैं।

 

मेले में आने वाले वाहनों के लिए तीन जगहों पर पार्किंग का इंतजाम किया गया है। ये जगहें सुजावलपीर चौक, हीरो एजेंसी के पास और पेठिया गाछी हैं। सुरक्षा बनाए रखने के लिए मेले में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

 

मेले में भीड़ की आशंका को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। थानाध्यक्ष गोविंद कुमार पांडेय ने बताया कि भगवानपुर की ओर से आने वाले वाहन सुजावलपीर चौक से दशरथपुर के रास्ते दलसिंहसराय की ओर मोड़ दिए जाएंगे। इसी तरह, दलसिंहसराय की ओर से आने वाले वाहन प्रखंड मुख्यालय पहुंचने से पहले दशरथपुर से ही मोड़ दिए जाएंगे।

 

जन्माष्टमी का असर बाजार में भी साफ दिखा। गुरुवार को शगुन स्वीट्स और गंगाराम स्वीट्स में लोग मिठाई और प्रसाद खरीदते दिखे। घरों और जन्माष्टमी मेले में बनने वाले पकवानों के लिए किराना दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है। लोग मैदा, बेसन, चीनी, रिफाइंड और खाने के तेल समेत कई जरूरी सामान खरीद रहे हैं।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *