डीआरएम ने परीक्षार्थियों को अपनी गाड़ी से पहुंचाया, दर्जनों छात्र-छात्रों की परीक्षा छूटने से बच गई
समस्तीपुर।बुधवार की सुबह शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर उस समय मानवीय संवेदना की मिसाल देखने को मिली, जब परीक्षा देने जा रहे दर्जनों परीक्षार्थियों की परेशानी को देखते हुए सोनपुर रेल मंडल के डीआरएम अमित शरण ने अपनी विशेष गाड़ी से उन्हें विद्यापतिनगर तक पहुंचाने का निर्णय लिया।
डीआरएम के इस त्वरित निर्णय से दर्जनों परीक्षार्थियों की परीक्षा छूटने से बच गई। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने रेलवे अधिकारी के इस कदम की सराहना की। जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह करीब 9:05 बजे सोनपुर डीआरएम अमित शरण नवगछिया जाने के क्रम में शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर रुके थे। उनके साथ सीनियर डीसीएम कोऑर्डिनेशन, सीनियर डीईई टीआरडी, सीनियर डीईई जेनरल, एसीएम, सीसीआई सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। डीआरएम ने स्टेशन पर रुककर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों, बुकिंग काउंटर, पोर्टिको, कोच रेस्टोरेंट, स्टाफ रूम और यात्री सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बुकिंग काउंटर में एसी लगाने का भी निर्देश दिया।
इसी दौरान स्टेशन पर स्नातक की परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं ने अधिकारियों को बताया कि उनकी ट्रेन काफी विलंब से चल रही है। परीक्षार्थियों को विद्यापतिनगर स्टेशन उतरकर सड़क मार्ग से दलसिंहसराय जाना था और वहां से परीक्षा केंद्र पहुंचना था। बताया गया कि डाउन पैसेंजर ट्रेन संख्या 75246 सोनपुर-बरौनी डेमू का शाहपुर पटोरी स्टेशन पर निर्धारित आगमन समय करीब 7:58 बजे है, लेकिन ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगभग एक घंटा 23 मिनट विलंब से पहुंचने की संभावना थी।
परीक्षार्थियों ने डीआरएम को अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि ट्रेन लेट होने के कारण उनकी परीक्षा छूट सकती है। परीक्षार्थियों की समस्या की जानकारी मिलते ही डीआरएम अमित शरण ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परीक्षार्थियों को उनकी विशेष गाड़ी में बैठाया जाए।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
