Samastipur

समस्तीपुर में झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन से छात्र की मौत

समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में एक झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद पांचवीं कक्षा के 9 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बुखार से पीड़ित बच्चे को गांव के एक कथित डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।मृत छात्र की पहचान गोपालपुर वार्ड संख्या-3 निवासी शंकर चौधरी के पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है। अंकित स्थानीय विद्यालय में पांचवीं कक्षा का छात्र था।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

एक दिन पहले बुखार था, ग्रामीण डॉक्टर को इलाज के लिए बुलाया था

 

मृतक के पिता शंकर चौधरी ने बताया कि उनके बेटे को एक दिन पहले तेज बुखार आया था। तबीयत खराब होने के कारण वह स्कूल नहीं गया था। घर पर उसे पेरासिटामोल की दवा दी गई, लेकिन बुखार में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद बुधवार को गांव के एक कथित ग्रामीण डॉक्टर को बुलाया गया। परिजनों के अनुसार, डॉक्टर ने बच्चे को एक इंजेक्शन लगाया।

 

इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद अंकित की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और उसके हाथ अकड़ने लगे। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे तुरंत समस्तीपुर सदर अस्पताल ले गए।सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात चिकित्सक डॉ. अतुल कुमार ने बच्चे की जांच की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर चिकित्सक ने आशंका जताई है कि बच्चे को गलत या अधिक मात्रा में इंजेक्शन लगाए जाने से उसकी स्थिति बिगड़ी होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

 

शंकर चौधरी ने बताया कि उनके परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। अंकित दूसरे नंबर का संतान था और अपनी बड़ी बहन अंकिता से छोटा था। घटना की सूचना मिलने पर सदर अस्पताल प्रशासन ने नगर थाना पुलिस को जानकारी दी।नगर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि अस्पताल से एक बच्चे की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जांच के लिए पुलिस पदाधिकारी को अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।

 

थानाध्यक्ष ने कहा कि यदि मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन दिया जाता है, तो उसके आधार पर संबंधित झोलाछाप डॉक्टर के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!