बिहार के 26 जिलों में आज बारिश का अलर्ट:उत्तर और पूर्वी हिस्सों में बारिश का सिलसिला रहेगा जारी
पटना।बिहार के अधिकांश इलाकों में आज मौसम सुहावना रहेगा। मौसम विभाग ने 26 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।यहां गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका है। साथ ही 40 kmph की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
विभाग के मुताबिक, बाकी 12 जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। हालांकि यहां बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।बीते 24 घंटे में पटना, नालंदा, बेगूसराय में तेज धूप रही। बीच में हल्के बादल भी छाए रहे। बाकी जिलों में भी मौसम सामान्य रहा।
कभी तेज धूप तो कभी बारिश, क्यों बदल रहा है मौसम
बीते कुछ दिनों से बिहार में मौसम लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप निकल रही तो कुछ ही देर में बादल छा रहे हैं। कई जगहों पर बारिश भी हो रही है। इसकी मुख्य वजह यह है कि प्रदेश में नमी वाली हवाओं का प्रभाव बना हुआ है।
स्थानीय स्तर पर गर्मी बढ़ने से बादलों का तेजी से विकास हो रहा है। यही कारण है कि दिनभर मौसम में बार-बार बदलाव देखने को मिल रहा है। कहीं धूप खिल रही तो कहीं अचानक मेघगर्जन के साथ बारिश शुरू हो जा रही है।पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में केवल जहानाबाद, शेखपुरा, पटना और वैशाली के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई। सर्वाधिक 4.5 मिमी बारिश जहानाबाद में दर्ज की गई।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक बिहार में मौसम इसी तरह बना रहेगा। राज्य के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। कई जिलों में बिजली चमक सकती और तेज हवा चल सकती है।वहीं, दक्षिणी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहेगा, लेकिन बादलों की आवाजाही और छिटपुट बारिश से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
राजधानी में आज मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। तेज बारिश की संभावना कम है, लेकिन उमस बनी रह सकती है। अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है।मौसम विभाग को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से वर्षा की कमी कुछ हद तक कम हो सकती है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
