समस्तीपुर से आ रही बस ने बाइक सवार दो युवकों को 50 मीटर तक घसीटा,मौत
मुजफ्फरपुर. शहर के कच्ची पक्की चौक स्थित रंजित कोल्ड स्टोरेज के पास शनिवार की शाम रफ्तार का कहर देखने को मिला. यहां समस्तीपुर की तरफ से आ रही एक अनियंत्रित बस ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बाइक समेत दोनों युवकों को नेशनल हाईवे (NH) पर करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई. इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
मनियारी का रहने वाला था मृतक
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान मनियारी थाना क्षेत्र के मदरसा चौक निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद आतिफ के रूप में हुई है. वहीं, घायल दूसरे युवक जो मृतक के ग्रामीण है उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है, जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद चीख-पुकार मचने पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
बाइक फंसी रही और फरार हो गया चालक प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद भी बस की रफ्तार कम नहीं हुई और युवकों की बाइक बस के अगले हिस्से में ही फंसी रह गई. दुर्घटना के बाद घबराया बस चालक गाड़ी को बीच सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया. बीच सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन और मृतक का शव होने के कारण मुजफ्फरपुर-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और गाड़ियों का लंबा जाम लग गया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजाघटना की सूचना मिलते ही कच्ची पक्की थाना की पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मुस्तैदी दिखाते हुए शव को अपने कब्जे में लिया. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH) भेज दिया है. कच्ची पक्की थानेदार अरविंद कुमार ने बताया है कि दुर्घटनाग्रस्त बस और उसमें फंसी बाइक को जब्त कर लिया गया है. सड़क से वाहनों को हटाकर यातायात को दोबारा सुचारू करा दिया गया है. फरार बस चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
