ट्रेन में चढ़ती महिला यात्री के गले से सोने की चेन छीना,एक गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर।नरकटियागंज: ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले उचक्कों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला नरकटियागंज–गोरखपुर रेलखंड के हरिनगर स्टेशन का है, जहां ट्रेन में चढ़ रही एक महिला यात्री के गले से सोने की चेन छीन ली गई. हालांकि, महिला की सूझबूझ और रेल पुलिस की तत्परता से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसके तीन साथी फरार होने में सफल रहे.
रेल थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार, सिकटा थाना क्षेत्र के कुर्सी बरवा गांव निवासी आयशा अंजुम आनंद विहार से लौकहा बाजार जाने वाली 04014 स्पेशल ट्रेन में सवार हो रही थीं.
इसी दौरान चार उचक्कों ने भीड़ का फायदा उठाते हुए उन्हें और उनकी ननद को घेर लिया. आरोप है कि एक बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपटकर अपने दूसरे साथी को थमा दी.
घटना के बाद महिला ने तुरंत शोर मचाया. यात्रियों और ड्यूटी पर तैनात रेल पुलिस की मदद से एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामनगर के चिकपट्टी मोहल्ला निवासी भोला कुरैशी के रूप में हुई है.वहीं, उसके तीन साथी फरार हो गए.रेल थानाध्यक्ष दिनेश कुमार साहू ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और छीनी गई सोने की चेन की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
ट्रेन में सफर के दौरान रहें सतर्क
रेलवे स्टेशन और ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान सबसे अधिक भीड़ रहती है. ऐसे समय उचक्के यात्रियों को धक्का-मुक्की और भीड़ का फायदा उठाकर चेन, मोबाइल और पर्स जैसी कीमती वस्तुएं निशाना बनाते हैं. रेल पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि भीड़भाड़ के दौरान विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या रेल पुलिस को दें.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
