वैशाली में छेड़छाड़ के आरोप में युवक को पीटा: ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर की पिटाई
वैशाली में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के आरोप में एक युवक को ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर पीटा। यह घटना बुधवार को महुआ थाना क्षेत्र के सिंघाड़ा दक्षिणी पंचायत में हुई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वायरल वीडियो में युवक को पेड़ से बंधा देखा जा सकता है। पिटाई के बाद वह बेसुध पड़ा हुआ था। वीडियो के बैकग्राउंड में कुछ लोगों को यह कहते हुए सुना जा रहा है, “पहले पिटाई, उसके बाद वीडियो बनाना।”
ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने युवक को नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ करते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की घटना बर्दाश्त नहीं करेंगे।घटना की सूचना मिलते ही महुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
पकड़े गए युवक की पहचान राम प्रवेश राय के पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। महुआ थाना अध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि युवक घायल था, जिसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बाद में उसे अनुमंडल अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि घटना सुबह करीब 7:00 बजे की है। आरोप है कि युवक मोहल्ले की एक नाबालिग लड़की को छेड़ रहा था। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।लड़की पक्ष से अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है; आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। अरविंद प्रसाद ने यह भी बताया कि युवक पर पूर्व से कई मामले दर्ज हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
