नवादा के तौसीफ का भारतीय जूनियर हैंडबॉल टीम में चयन
नवादा रसूल नगर के हैंडबॉल खिलाड़ी तौसीफ रसूल का चयन भारतीय जूनियर हैंडबॉल टीम में हुआ है। वह 10 से 14 जून 2026 तक बांग्लादेश के ढाका में होने वाली जूनियर एशियन ट्रॉफी हैंडबॉल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। जानकारी के अनुसार करीब एक माह पहले प्रतियोगिता के लिए संभावित खिलाड़ियों की सूची तैयार की गई थी। इसके बाद चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर छत्तीसगढ़ और कोलकाता में आयोजित हुआ। शिविर के बाद अंतिम टीम की घोषणा की गई। अंतिम चयन के बाद तौसीफ टीम के साथ ढाका के लिए रवाना हो गए हैं।
तौसीफ ने खेल की शुरुआत नवादा के हरिश्चंद्र स्टेडियम से की थी। उन्होंने यहां लगातार पांच साल अभ्यास किया। बाद में पटना के एकलव्य ट्रेनिंग सेंटर में उन्नत प्रशिक्षण लिया। उन्होंने साई इंडिया, गुजरात में भी ट्रेनिंग की।
प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने जिले और बिहार के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक दिलाए हैं। दो साल पहले भारतीय सेना ने उन्हें सीधे हवलदार पद पर नियुक्त किया था। वह वर्तमान में भारतीय सेना की हैंडबॉल टीम से खेलते हैं और बिहार का भी प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। तौसीफ टीम के लंबे कद के खिलाड़ियों में शामिल हैं। यह उनका दूसरा अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट बताया गया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
