पीएनबी का फर्जी कर्मी बन महिला से की 98 हजार की ठगी,दो गिरफ्तार
पटना.मोतिहारी .साइबर थाना की पुलिस ने बैंक अधिकारी बनकर लोगों की गाढ़ी कमाई उड़ाने वाले अंतरप्रांतीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में दो शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मंझौलिया के माधोपुर निवासी सुनील कुमार और रामगढ़वा के आमोदेई निवासी गुड्डू कुमार के रूप में हुई है. इन बदमाशों ने पंजाब नेशनल बैंक का फर्जी कर्मचारी बनकर एक महिला के खाते से 98 हजार रुपये उड़ा लिए थे.
केवाईसी नहीं करने पर खाता बंद होने का दिया झांसा
पुलिस के अनुसार, एक महिला ने साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. पीड़िता ने बताया कि उसके मोबाइल पर 919693317370 नंबर से कॉल आया था. फोन करने वाले ने खुद को पीएनबी का स्टाफ बताया. उसने महिला से कहा कि अगर तुरंत ऑनलाइन केवाईसी नहीं कराया, तो उसका बैंक खाता बंद हो जाएगा. खाता बंद होने के डर से महिला ठगों के झांसे में आ गई.
वॉट्सऐप पर भेजा फर्जी ऐप, डाउनलोड करते ही हैक हुआ फोन
ठगों ने पीड़िता के वॉट्सऐप पर पीएनबी वन नाम की एक फर्जी एपीके (APK) फाइल भेजी. जैसे ही महिला ने उस लिंक पर क्लिक कर ऐप को अपने फोन में डाउनलोड किया, अपराधियों ने उसका पूरा मोबाइल हैक कर लिया. इसके बाद ठगों ने उसके खाते से 98,000 रुपये पार कर दिए.
पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दबोचा
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थाने में कांड संख्या—94/26 दर्ज की गई. इसके बाद पु०नि० मुमताज आलम के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई. टीम में पु०अ०नि० शिवम सिंह, सौरभ कुमार आजाद और सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर छापेमारी कर दोनों अपराधियों को दबोच लिया. पुलिस अब इनसे पूछताछ कर गिरोह के बाकी सदस्यों का पता लगा रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
