समस्तीपुर:अंतरराज्यीय दंगल प्रतियोगिता में बिहार के पहलवानों का रहा जलवा
समस्तीपुर के बिथान प्रखंड के सोहमा गांव में तीन दिवसीय अंतरराज्यीय दंगल प्रतियोगिता शुरू हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन बिहार, नेपाल, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, झारखंड और उत्तर प्रदेश से आए 100 से अधिक महिला व पुरुष पहलवानों ने अखाड़े में अपना दम दिखाया।
दंगल देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी पहुंचे। प्रतियोगिता में कुल 50 पहलवानों की टीमों ने भाग लिया। पहले दिन हुए मुकाबलों में बिहार और नेपाल के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई नामी पहलवानों को पटखनी देकर अगले दौर में प्रवेश किया।दंगल के रोमांचक मुकाबलों में निर्दोष बाबा (छपरा, बिहार) ने टार्जन पहलवान (पंजाब) और संदीप राणा (राजस्थान) को शिकस्त दी। फकीर बाबा (उत्तराखंड) ने नकाब पोस पहलवान (पंजाब) को पराजित किया।
महिला वर्ग में प्रियंका (झारखंड) ने निर्मला (हरियाणा), अन्नू (हरियाणा) ने कोमल और पूजा (बिहार) ने नीतू (उत्तर प्रदेश) को पटखनी दी। नेपाल के गोपाल थापा ने संदीप पहलवान (राजस्थान) को, वल्ली बहादुर थापा ने सुनील पहलवान (गोरखपुर) को परास्त किया।
अमरीसपुरी (झारखंड) ने शक्ति कपूर (हरिद्वार), अशोक (गोरखपुर) ने अमन (बनारस), मिंटू (गोरखपुर) ने हिमांशु (देवरिया), शिव (बनारस) ने श्रीकांत (प्रयागराज), आजाद (हरिद्वार) ने अरमान (मधुबनी), बाबा काशिव दास (बक्सर) ने कुम्भकर्ण (उत्तराखंड) और प्रिंस दास (खगड़िया) ने आशीष पहलवान (महराजगंज) को पटखनी देकर दर्शकों की तालियां बटोरीं।
दंगल प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व जिला पार्षद सदस्य सह समाजसेवी अर्जुन प्रसाद यादव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मां सरस्वती पूजा सह मेला समिति के सदस्यों द्वारा मिथिला की पारंपरिक परंपरा के अनुसार आए हुए अतिथियों का पुष्प माला व अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
