कल से शारदीय नवरात्र शुरू, मां शैलपुत्री की होगी पूजा, दलसिंहसराय में भक्ति और उत्साह का माहौल
दलसिंहसराय,मां दुर्गा की आराधना के महापर्व शारदीय नवरात्र को लेकर दलसिंहसराय में भक्ति और उत्साह का माहौल बनने लगा है। रविवार से कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय नवरात्र शुरू होगा। पर्व को लेकर दलसिंहसराय बाजार सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजार में पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। श्रद्धालु मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए जरूरी सामग्री की खरीदारी में जुटे हैं।
कलश स्थापना के साथ होगी मां शैलपुत्री की पूजा : नवरात्र के पहले दिन घरों और मंदिरों में शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना होगी। श्रद्धालु मां के चरणों में शीश झुकाकर सुख, शांति, समृद्धि, परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे। कई घरों में नवरात्र के नौ दिनों तक विशेष पूजा-पाठ और दुर्गा सप्तशती के पाठ की तैयारी है। नवरात्र को लेकर दलसिंहसराय बाजार में पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। कलश, नारियल, चुनरी, रोली, चंदन, धूप, दीप, अगरबत्ती, कपूर, अक्षत, फल-फूल सहित अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए श्रद्धालु बाजार पहुंच रहे हैं। पर्व को देखते हुए दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर जरूरी सामग्री का पर्याप्त इंतजाम कर लिया है।
नौ दिनों तक मां के नौ स्वरूपों की होगी आराधना शारदीय नवरात्र केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं है। यह श्रद्धा, साधना, आत्मशुद्धि का प्रतीक है। इन नौ दिनों में भक्त मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना कर जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। कई श्रद्धालु पूरे नौ दिनों तक उपवास रखकर नियमित पूजा-अर्चना करेंगे। कुछ भक्त पहले दिन और अंतिम दिन व्रत रखकर मां की उपासना करेंगे। इधर, घरों में पूजा स्थल की साफ-सफाई और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिरों में भी नवरात्र को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मां दुर्गा के जयकारों और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय होने लगा है। श्रद्धालुओं को अब रविवार का इंतजार है। कलश स्थापना के साथ नवरात्र का शुभारंभ होगा। पूरा क्षेत्र मां की भक्ति में सराबोर नजर आएगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
