भगवानपुर में नम आंखों से मां दुर्गा को दी विदाई, बैंड-बाजे के साथ निकला विसर्जन जुलूस
बेगूसराय : भगवानपुर प्रखंड के दुर्गा मंदिर दहिया, शक्तिपीठ लखनपुर, मल्हीपुर और पासोपुर गांव स्थित मां सर्वेश्वरी दुर्गा पूजा समिति की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. इस दौरान श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी. माता के विदाई गीतों और जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा.
बैंड-बाजे के साथ निकला विसर्जन जुलूस
पासोपुर गांव से बैंड-बाजे के साथ मां दुर्गा का विसर्जन जुलूस निकाला गया. जुलूस दामोदरपुर, बसही होते हुए पुनः दामोदरपुर और पासोपुर के रास्ते कटहरिया गांव पहुंचा. इसके बाद मां दुर्गा सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को क्षेत्र के अलग-अलग जलाशयों में विसर्जित किया गया.
विसर्जन जुलूस के दौरान माता के जयकारों और ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर बज रहे विदाई गीतों से पूरा इलाका गूंज उठा. जुलूस में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. इस दौरान महिलाओं ने खोंइछा में धान, दूब, हल्दी सहित अन्य विदाई सामग्री अर्पित कर नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी.
पूजा समिति के सदस्य और ग्रामीण रहे शामिल
विसर्जन कार्यक्रम में पूजा समिति के अध्यक्ष ओम मंगलम, पुजारी मनीष कुमार उर्फ कन्हैया, पंकज राय, हरे शंकर राय, नवीन राय, विनय राय, रंजीत राय, चंदन कुमार, सुशील राय, संजीव राय, साकेत कुमार और गिरिराज कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए. श्रद्धा और भक्तिभाव के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न हुआ.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
