जागरण बंद कराने पहुंचे दारोगा ने डांसर को मारा थप्पड़, भीड़ पर तानी पिस्टल;हुआ सस्पेंड
बेगूसराय जिले में दुर्गा पूजा के दौरान जागरण कार्यक्रम में एक दारोगा के कथित अमर्यादित आचरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. मामले में पुलिस अधीक्षक मनीष ने कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेने के बाद यह कार्रवाई की गयी है.
वायरल वीडियो के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा-2026 के अवसर पर पानगाछी स्थित मां वैष्णवी सार्वजनिक दुर्गा स्थान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति की गई थी.
इसी दौरान फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एक वीडियो प्रसारित हुआ. पुलिस अधीक्षक ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए त्वरित अनुशासनिक कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो के प्रथमदृष्टया अवलोकन से प्रतीत हुआ कि पूजा पंडाल में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और शांति स्थापित करने के लिए पुलिस पदाधिकारी ने जिस तरीके को अपनाया, वह त्रुटिपूर्ण था. पुलिस का मानना है कि इस आचरण से विभाग की छवि धूमिल हुई है.
निलंबन अवधि में बेगूसराय पुलिस केंद्र रहेगा मुख्यालय
पुलिस अधीक्षक ने जिला आदेश संख्या 2372/2026 के तहत अनिल कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार सामान्य जीवन-यापन भत्ता देय होगा. इस अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, बेगूसराय निर्धारित किया गया है.
एसडीपीओ सदर-01 करेंगे निष्पक्ष जांच
मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए एसपी मनीष ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 को वायरल वीडियो की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया है. उन्हें जांच पूरी कर प्रतिवेदन सौंपने को कहा गया है.
पुलिस के अनुसार, फिलहाल वीडियो के प्रथमदृष्टया अवलोकन के आधार पर अनुशासनिक कार्रवाई की गई है. विस्तृत जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे. एसपी की त्वरित कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चा हो रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
