DarbhangaBegusaraiDalsinghsaraiSamastipur

बेरोजगार के लिए ₹10 हजार मासिक भत्ता,स्नातकों की समस्याओं को सदन तक पहुंचाना मेरी प्राथमिकता”:नवीन कुमार

दलसिंहसराय | दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार नवीन कुमार (कुशवाहा) ने कहा कि स्नातक युवाओं की शिक्षा, रोजगार, परीक्षा व्यवस्था और सम्मान से जुड़े मुद्दों को सदन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में स्नातक युवा पढ़ाई पूरी करने के बाद भी रोजगार और बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ युवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।श्री कुमार ने दलसिंहसराय के आईबी रोड में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि परीक्षा में देरी, परिणाम एवं प्रमाण-पत्र जारी होने में विलंब तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं से अभ्यर्थियों को परेशानी होती है। इन समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई और जवाबदेही जरूरी है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

उन्होंने कहा कि सभी स्नातक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ रोजगार मिलने तक बेरोजगारो को ₹10 हजार प्रतिमाह रोजगार भत्ता अथवा प्रोत्साहन राशि देने की मांग सरकार के समक्ष रखी जाएगी। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर बेहतर तैयारी की व्यवस्था, प्रश्नपत्र लीक पर प्रभावी रोक और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

नवीन कुमार ने कहा कि दूर-दराज से परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए एडमिट कार्ड के आधार पर यात्रा टिकट अथवा यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी सरकार को विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों के अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने बिहार को शिक्षा के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए प्रत्येक प्रखंड में बेहतर पुस्तकालय और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई। साथ ही, नवोदय विद्यालयों के विस्तार की दिशा में भी सरकार के समक्ष मांग रखने की बात कही।उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला बनाने के बजाय रोजगार सृजन के लिए सक्षम बनाना जरूरी है। इसके लिए कंप्यूटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।

नवीन कुमार ने कहा कि चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं, बल्कि अपने मुद्दों और समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से सामने रखने का माध्यम भी है। उन्होंने स्नातक मतदाताओं से शिक्षा, रोजगार, परीक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए अपने विवेक के आधार पर निर्णय लेने की अपील की।प्रेस वार्ता के दौरान लक्ष्मी नारायण सिंह, सुधीर कुशवाहा, प्रमोद कुमार सिंह, वीरेंद्र दास, श्याम गिरी, कांग्रेस कृष्णा, उमेश पासवान सहित काफी संख्या में उनके समर्थक मौजूद थे।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *