मासूम का 1.80 लाख में सौदा:40 दिन का बच्चा बेगूसराय से बरामद, मामा समेत 3 गिरफ्तार
बेगूसराय.खगड़िया से रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। जिस मामा पर भांजे की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी की कथित भूमिका बच्चे के अपहरण और उसे बेचने की साजिश में सामने आई है।गंगौर थाना क्षेत्र से अपहृत 40 दिन के बच्चे को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर बेगूसराय जिले से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में बच्चे के मामा समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मासूम को 1 लाख 80 हजार रुपए में बेचने की योजना का खुलासा हुआ है।
सूचना मिलते ही एसआईटी गठित, शुरू हुई छापेमारी
पुलिस उपाधीक्षक संतोष पोद्दार ने बताया कि 18 अक्टूबर 2026 को गंगौर थाना क्षेत्र से 40 दिन के बच्चे के अपहरण की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर गंगौर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया। टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बच्चा बेगूसराय जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र के समसा गांव में है। इसके बाद पुलिस टीम ने गांव में कुमारी शबनम के घर पर छापेमारी की और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
मामा समेत तीन आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में रामाशीष पासवान, शिवम कुमार और कुमारी शबनम को गिरफ्तार किया है। रामाशीष पासवान बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र के सिमरी गांव का रहने वाला है। वहीं, शिवम कुमार और कुमारी शबनम मंसूरचक थाना क्षेत्र के समसा गांव के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में बच्चे को 1.80 लाख रुपए में बेचने की योजना सामने आई है। मामले में बच्चे के सगे मामा की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अपहरण की साजिश कैसे रची गई और इसमें कौन-कौन शामिल था।
रुपए के लेन-देन की जांच
पुलिस कथित सौदे में रुपए का लेन-देन हुआ था या नहीं, इसकी जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मामले में गिरफ्तार तीन आरोपितों के अलावा अन्य लोगों की कोई भूमिका तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।गंगौर थाना कांड संख्या 198/26 के तहत 18 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 140(3), 143 और 61(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई है।मासूम की बरामदगी में गंगौर थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक श्याम सुंदर पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक एसएम अख्तर और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
