समस्तीपुर में पुलिस की छापेमारी:पिकअप से 1546 लीटर विदेशी शराब बरामद
समस्तीपुर में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मोहनपुर थाना पुलिस ने दशहरा बालूपार गांव में छापेमारी कर एक पिकअप वाहन से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने वाहन से कुल 179 कार्टून में रखी 1546.56 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। इस मामले में दो नामजद आरोपितों समेत दो-तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में शराब तस्करी से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
छापेमारी में पकड़ी गई शराब की बड़ी खेप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहनपुर थाना पुलिस को दशहरा बालूपार गांव में शराब की खेप होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान एक पिकअप वाहन पर लदी विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से 179 कार्टून में रखी कुल 1546.56 लीटर विदेशी शराब जब्त कर ली। इसके बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
मोहनपुर थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि मामले में अमित रंजन, पिता असेश्वर राय, निवासी तेलगामा, वार्ड संख्या-12 तथा कपिल राय, पिता स्वर्गीय जामुन राय, निवासी बारैठा, थाना मोहनपुर को नामजद किया गया है। इसके अलावा दो से तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।इस संबंध में मोहनपुर थाना कांड संख्या 194/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद (संशोधित) अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि बरामद विदेशी शराब कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। साथ ही, इस तस्करी में अन्य लोगों की संलिप्तता और संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
