दशहरा से पहले समस्तीपुर में पकड़ा गया रावण,एसटीएफ ने वारदात को अंदाज देने से पहले पकड़ा
समस्तीपुर।दशहरा से पहले पुलिस ने रावण को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, यह रामलीला का रावण नहीं, बल्कि पांच जिलों में आपराधिक वारदातों से जुड़े वांछित अभियुक्त वीरेंद्र राय उर्फ रमण उर्फ रावण है. बिहार एसटीएफ और समस्तीपुर जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया.
मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, यह शातिर अपराधी समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर जिले में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटा हुआ था. गुप्तू सूचना मिली थी कि रावण अपने अन्य सहयोगियों के संपर्क में है और क्षेत्र में सनसनीखेज घटना को अंजाम देने के लिए हथियारों तथा गोलियों का अवैध इंतजाम कर रहा था. जैसे ही पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को इसकी भनक लगी, उन्होंने तुरंत जाल बिछाकर उसे दबोच लिया.
पुलिस पड़ताल में यह बात सामने आई है कि पकड़ा गया कुख्यात वीरेंद्र राय उर्फ रावण बेहद शातिर किस्म का अपराधी है. उसके खिलाफ अकेले बिहार के पांच अलग-अलग जिलों के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे 15 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस अब उसके पूरे क्रिमिनल सिंडिकेट को खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस साजिश में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे.
हथियार तस्करी और नेटवर्क की गहराई से जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस और एसटीएफ की टीमें गिरफ्तार अपराधी से गहन पूछताछ कर रही हैं. पुलिस यह सुराग तलाश रही है कि वह किस विशिष्ट वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था और उसे हथियार कहां से मिलने वाले थे. पूछताछ के बाद उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है. इस कार्रवाई को इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक बेहद अहम सफलता माना जा रहा है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
