कोलकाता में दुर्गापूजा के दौरान मची भगदड़, मुजफ्फरपुर के पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत से मातम
कोलकाता के चोरबागान इलाके में पंडाल के पास मची भगदड़ में मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज के एक युवक और उसके मासूम बेटे की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान साहेबगंज थाना क्षेत्र के पिपरा राघो निवासी (38 वर्षीय) अभिषेक श्रीवास्तव और उनके पुत्र आयांश के रूप में हुई है. वहीं, अभिषेक को बचाने की कोशिश में उनके साढ़ू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक श्रीवास्तव अपनी पत्नी और बेटे आयांश के साथ दुर्गापूजा देखने कोलकाता गए हुए थे. रविवार की दोपहर करीब तीन बजे पूरा परिवार पूजा पंडाल घूमने के लिए निकला था. जैसे ही वे सभी चोरबागान के पास पहुंचे, वहां अचानक भारी भीड़ के कारण भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. भीड़ के भारी दबाव और अचानक पैदा हुए हालात में पिता और पुत्र संभल नहीं पाए और वे बुरी तरह कुचलकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
इलाज के दौरान पिता के बाद मासूम बेटे ने भी तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद अफरातफरी के माहौल में दोनों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पिता अभिषेक श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया. वहीं, हादसे के वक्त भगदड़ के दौरान मासूम आयांश कुछ देर के लिए लापता हो गया था. काफी तलाश के बाद रात में पुलिस की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां पता चला कि इलाज के दौरान बेटे आयांश की भी मौत हो चुकी है. एक साथ पिता-पुत्र की अर्थी उठने की खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया.
अभिषेक को बचाने में साढ़ू गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
इस दर्दनाक हादसे में अभिषेक श्रीवास्तव को बचाने की कोशिश कर रहे उनके साढ़ू भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. उन्हें तुरंत कोलकाता के प्रतिष्ठित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है. सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार ने बताया कि कोलकाता पुलिस ने संपर्क कर घटना की जानकारी दी थी. पुलिस मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया और औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
