यूट्यूबर की पिटाई मामले में थानाध्यक्ष समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड, तेजस्वी ने उठाया था मामला
वैशाली के हर्लोचनपुर थाना क्षेत्र में यूट्यूबर की पिटाई के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। थाना कांड संख्या 23/2026 की जांच में प्रक्रियागत कमियां मिलने के बाद थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिस अधिकारियों को तुरंत निलंबित कर दिया गया है। इस मामले को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी जोरदार तरीके से उठाया था और आंदोलन की चेतावनी दी थी।
वैशाली के पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को दर्ज कांड संख्या 23/2026 की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महुआ ने की थी। जांच में पता चला कि जांच प्रक्रिया और केस डायरी लिखने में गंभीर गलतियां हुई थीं।
थानाध्यक्ष समेत 3 पुलिस अधिकारियों को किया निलंबित
जांच रिपोर्ट के आधार पर हर्लोचनपुर थाना के थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक राकेश कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक इंद्रजीत कुमार और जांचकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक सुमन झा को तुरंत निलंबित कर दिया गया।निलंबन के बाद तीनों पुलिस अधिकारियों को हाजीपुर के पुलिस केंद्र में लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस विभाग ने हर्लोचनपुर थाना के नए थानाध्यक्ष की भी तैनाती कर दी है। पुलिस अवर निरीक्षक सुबोध कुमार को हर्लोचनपुर थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
लापरवाही पर सख्ती का दिया संदेश
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई से थाना स्तर पर जांच में लापरवाही और प्रक्रियागत गलतियों को लेकर सख्ती का संदेश दिया गया है। तेजस्वी यादव द्वारा इस मामले पर सवाल उठाए जाने और कार्रवाई की मांग के बाद पुलिस विभाग की यह कार्रवाई हुई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
