Muzaffarpur

मुजफ्फरपुर में ट्रेन से गिरकर किशोर की मौत:ट्रैक बदलते ही ट्रेन में लगा जोरदार झटका..

मुजफ्फरपुर में लापरवाही ने एक किशोर की जिंदगी छीन ली। ट्रेन के गेट पर खड़े होकर सफर कर रहे 17 वर्षीय संजीत कुमार की बुधवार शाम ट्रेन से गिरने के बाद मौत हो गई। हादसा ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में संजय सिनेमा के पास रेलवे लाइन पर हुआ। ट्रैक बदलने के दौरान ट्रेन में अचानक झटका लगा, जिससे गेट पर खड़े संजीत का हाथ छूट गया और वह ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में उसका पैर कट गया और गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

मृतक की पहचान कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के कशेर गांव निवासी संजय सिंह के पुत्र संजीत कुमार (17) के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और अभी अविवाहित था।

 

 

मौसी के घर सीतामढ़ी जा रहा था

 

परिजनों के अनुसार संजीत अपनी मौसी के यहां सीतामढ़ी जा रहा था। वह पहले भगवानपुर स्टेशन से सुबह पैसेंजर ट्रेन से निकला। इसके बाद मुजफ्फरपुर पहुंचकर आगे की ट्रेन से सीतामढ़ी जाने के लिए रवाना हुआ। इसी दौरान ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में संजय सिनेमा के पास हादसा हो गया।

 

बताया गया कि पुल के नीचे रेलवे ट्रैक में बदलाव वाले हिस्से से ट्रेन गुजर रही थी। इसी दौरान जोरदार झटका लगा और गेट पर खड़े संजीत का संतुलन बिगड़ गया। वह नीचे रेलवे ट्रैक पर जा गिरा। गिरने से उसका पैर कट गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

 

टिकट लेकर निकला था, लेकिन गेट पर खड़े होकर सफर ने छीन ली जान

 

परिजनों ने बताया कि संजीत के पास ट्रेन का टिकट भी था। वह सामान्य तरीके से यात्रा कर रहा था, लेकिन ट्रेन के गेट पर खड़े होकर सफर करना उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। एक झटके ने उसका संतुलन बिगाड़ दिया और देखते ही देखते परिवार का बड़ा बेटा उनसे हमेशा के लिए दूर हो गया।हादसे की सूचना मिलने पर ब्रह्मपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मृतक के पिता संजय सिंह और मौसा SKMCH पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

 

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

 

गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद संजीत का शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव लेकर परिजन कैमूर के लिए रवाना हो गए। परिवार में संजीत की मौत के बाद मातम पसरा है। तीन भाइयों में सबसे बड़े संजीत की अचानक मौत से पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *