Samastipur:परीक्षा के दौरान छात्रा की पिटाई, आक्रोशित स्टूडेंट्स ने किया हंगामा
Samastipur.हसनपुर प्रखंड अंतर्गत भारद्वाज महाविद्यालय सकरपुरा में शनिवार की दोपहर स्टूडेंट्स ने प्रिंसिपल व महाविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। आक्रोशित छात्रों ने महाविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी किया।
हंगामा कर रहे स्टूडेंट्स का आरोप था कि महाविद्यालय के प्रिंसिपल ने परीक्षा के दौरान छात्रा की पिटाई की है। हंगामा की सूचना पर स्थानीय थाना से थानाध्यक्ष सुनील कांत के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल महाविद्यालय परिसर पहुंची। थानाध्यक्ष व पुलिसकर्मियों के समझाने-बुझाने के बाद स्टूडेंट्स ने हंगामा शांत किया। हंगामा के कारण महाविद्यालय में चल रहे स्नातक चौथे सेमेस्टर की परीक्षा करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहा। हंगामा शांत होने के बाद परीक्षा फिर से शुरू हुआ। बताया जाता है कि भारद्वाज महाविद्यालय सकरपुरा में स्नातक चौथे सेमेस्टर की परीक्षा चल रही है। यू आर कॉलेज रोसड़ा का सेंटर इसी महाविद्यालय में पड़ा है। यू आर कॉलेज की परीक्षार्थी छात्रा डोली कुमारी ने आरोप लगाया कि पहली पाली की परीक्षा के दौरान उसके डेस्क के नीचे से एक मोबाइल छिपा हुआ मिला। वह मोबाइल उसका नहीं था। इसके बावजूद महाविद्यालय के प्रिंसिपल ने उसकी पिटाई कर दी। परीक्षा कक्ष में जब छात्रों ने इसका विरोध किया तो प्रिंसिपल ने गाली-गलौज किया। पहली पाली की परीक्षा समाप्त होते ही एकजुट छात्र-छात्राओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
हालांकि महाविद्यालय के प्रिंसिपल पशुपतिनाथ पूर्वे ने छात्रा की पिटाई के सवाल पर कुछ भी स्पष्ट जवाब देने की बजाय कहा कि छात्रा के पास से मोबाइल मिला इसलिए उसे परीक्षा से रोका गया। परीक्षा शुरू होने से पहले ही जब स्टूडेंट्स महाविद्यालय परिसर में प्रवेश करते हैं, उसी समय महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर ही गहन जांच की जाती है। तो इस परिस्थिति में परीक्षा कक्ष में परीक्षा के दौरान छात्रा के डेस्क के नीचे से मोबाइल कैसे बरामद हुआ। इससे महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा जांच के दौरान सजगता पर भी सवाल खड़ा होता है।
^महाविद्यालय में स्टूडेंट्स द्वारा हंगामा की सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर मामला शांत कराया गया है। महाविद्यालय प्रबंधन से बातचीत की जा रही है। – सुनील कांत, थानाध्यक्ष, हसनपुर
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
