घूसखोर DCLR की गिरफ्तारी के बाद शिकायतकर्ता को धमकी:IO पर लगाए गंभीर आरोप
समस्तीपुर के रोसड़ा में घूसखोर डीसीएलआर कंचन कुमारी झा की गिरफ्तारी के बाद एक नया मोड़ आया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले शिकायतकर्ता मनोज कुमार को अब जान से मारने की धमकी मिल रही है।
पीड़ित मनोज कुमार ने आरोप लगाया है कि रोसड़ा डीसीएलआर कार्यालय से उनकी महत्वपूर्ण फाइल गायब कर दी गई है। उन्होंने निगरानी विभाग के केस आईओ दिवाकर कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आईओ ने उन्हें डराते हुए कहा, “तुमको कोई नहीं बचाएगा।”
इस मानसिक दबाव और अपनी जान पर खतरा बताते हुए मनोज कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार लगाई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए आईओ दिवाकर कुमार को तुरंत पद से हटाने की मांग की है।यह पूरा विवाद दो दिन पहले शुरू हुआ था, जब निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की थी। टीम ने रोसड़ा की डीसीएलआर कंचन कुमारी झा और उनके एक दलाल को 2 लाख रुपये की रिश्वत और एक वाशिंग मशीन लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
इसके बाद जब कंचन कुमारी झा के आवास पर छापेमारी की गई, तो वहां से 13 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई थी। शिकायतकर्ता को मिल रही इन धमकियों ने जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
