विद्यापतिनगर में सड़क हादसे में घायल युवक की मौत:पटना में तोड़ा दम
समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन युवकों में से एक छोटू कुमार (25) की शनिवार को पटना के पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक बाजिदपुर पंचायत के फरसा चौक, वार्ड संख्या-3 निवासी राज कुमार पासवान का पुत्र था।
इस हादसे में घायल हुए रौशन कुमार (26) और संजीव कुमार (24) का इलाज अभी भी जारी है। दुर्घटना के बाद तीनों युवकों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विद्यापतिनगर लाया गया था। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया था।इसके बाद परिजन घायलों को लेकर पटना चले गए थे, जहां छोटू कुमार का इलाज पीएमसीएच में चल रहा था। शनिवार को इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया।
बाइक से घूमने निकले थे युवक
बताया गया कि छोटू कुमार और रौशन कुमार का ससुराल सिमरी गांव में एक ही परिवार में है। रक्षाबंधन के अवसर पर दोनों अपनी-अपनी पत्नियों के साथ ससुराल आए हुए थे। गुरुवार को वे अपने मित्र नंदनी लगुनिया निवासी संजीव कुमार के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर हरपुर बोचहा की ओर घूमने निकले थे। इसी दौरान प्रेम विहार पार्क के समीप यह हादसा हो गया।
दुर्घटना में तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना किसी वाहन की टक्कर से हुई या बाइक अनियंत्रित होकर गिरी। इसकी आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हुई है।
छोटू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन पर ससुराल आए युवक की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। शनिवार देर शाम शव घर पहुंचने पर मृतक के आवास पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
