Samastipur

श्रावण मास के अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के मद्देनजर डीएम एवं एसपी ने किया निरीक्षण

समस्तीपुर,श्रावण मास के अंतिम सोमवार को जिले के विभिन्न शिवालयों, विशेषकर प्रसिद्ध थानेश्वर स्थान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावित संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा विधि-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी, समस्तीपुर रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर अरविंद प्रताप सिंह द्वारा संयुक्त रूप से थानेश्वर स्थान मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सर्वप्रथम थानेश्वर स्थान मंदिर परिसर का भ्रमण किया तथा मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास, संभावित भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की संभावित अत्यधिक भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रवेश एवं निकास के लिए व्यवस्थित मार्ग, पर्याप्त बैरिकेडिंग तथा भीड़ के सुचारू संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से ही पूरी करने का निर्देश दिया गया।

 

पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद प्रताप सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी एवं निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखने को कहा।

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक एवं पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मंदिर के आसपास अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो तथा वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल एवं यातायात प्रबंधन की व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू की जाए।

जिलाधिकारी ने नगर निकाय एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान, पर्याप्त पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए त्वरित सहायता एवं सूचना की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

 

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि श्रावण मास के अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहेगा। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित तरीके से पूजा-अर्चना का अवसर उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के संबंधित पदाधिकारी, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *