दलसिंहसराय:राखी बांधकर बच्चों ने मनाया रक्षाबंधन, एसडीओ-डीएसपी ने बताए पर्व के मायने
दलसिंहसराय। रक्षाबंधन के मौके पर बुधवार को लिटिल लर्नर्स एवं केदार इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने दलसिंहसराय के अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार और डीएसपी विवेक कुमार शर्मा को राखी बांधकर पर्व मनाया। बच्चों ने अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ संवाद कर उन्हें पर्व के महत्व और सामाजिक मूल्यों की जानकारी दी। वही स्कूल की प्रिंसिपल नेहा सुमन ने दोनों पदाधिकारियों को पाग चादर और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
एसडीओ किशन कुमार ने बच्चों को बताया कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं है, बल्कि आपसी सम्मान, स्नेह और जिम्मेदारी का संदेश भी देता है। उन्होंने बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं के महत्व के बारे में भी बताया।
वहीं डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बच्चों को शिक्षा के साथ अनुशासन, मेहनत और अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। पढ़ाई के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी समझना और अच्छे नागरिक बनना भी जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एसडीओ और डीएसपी से कई सवाल भी किए। अधिकारियों ने बच्चों के सवालों का सहजता से जवाब दिया और उन्हें अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की सलाह दी। बच्चों और अधिकारियों के बीच हुआ संवाद काफी रोचक रहा।
रक्षाबंधन के इस कार्यक्रम से बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार की ओर से अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने बच्चों को पर्व की परंपरा के साथ-साथ प्रेम, भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
