Patna

पटना जंक्शन से यात्रियों के मोबाइल-जेवर चुराने वाला 8 गिरफ्तार; 7 मोबाइल और चांदी के गहने बरामद

पटना जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल और जेवर चोरी करने वाले गिरोह के आठ सदस्यों को रेल पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपितों के पास से सात मोबाइल फोन के साथ चांदी के जेवर भी बरामद किये हैं. कार्रवाई मंगलवार को प्लेटफॉर्म, बुकिंग काउंटर और सर्कुलेटिंग एरिया में चलायी जा रही निगरानी के दौरान हुई.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

पुलिस को देखते ही भागने लगे, घेराबंदी कर पकड़े गये

रेल पुलिस के अनुसार, प्लेटफॉर्म संख्या चार-पांच के पश्चिमी छोर पर आठ संदिग्ध एक साथ बातचीत कर रहे थे. पुलिस की नजर पड़ते ही सभी भागने लगे. इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के मोबाइल और जेवर बरामद किये गये.गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पटना निवासी सुमित कुमार, मो. ताजू, सिट्टू कुमार, मो. इरशाद आलम और सुनील कुमार, नालंदा निवासी राहुल कुमार, सीतामढ़ी निवासी रूपेश कुमार तथा अरवल निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है.

 

इन कंपनी का मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपितों के पास से रियलमी, वीवो और रेडमी कंपनी के सात मोबाइल फोन बरामद किये. इसके अलावा चांदी के बाजूबंद, पायल, चूड़ी और लॉकेट भी मिले हैं. पुलिस बरामद सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है.

 

पूछताछ में यात्रियों को निशाना बनाने की बात

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने भीड़भाड़ का फायदा उठाकर यात्रियों के मोबाइल और जेवर चोरी करने की बात स्वीकार की है. रेल पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा की गयी चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है.पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ रेल थाना समेत विभिन्न थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं. सभी आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *