विराट रामायण मेडिकल कॉलेज में 150 एमबीबीएस सीटों को मिली मान्यता
मुजफ्फरपुर।मोतिहारी. पूर्वी चंपारण के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि सामने आई है. भारत सरकार ने विराट रामायण इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस को 150 एमबीबीएस सीटों की मान्यता प्रदान कर दी है. इस उपलब्धि पर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे मोतिहारी ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए गौरव का क्षण बताया है.
बुधवार को संस्थान के संस्थापक आलोक शर्मा ने सांसद राधा मोहन सिंह से शिष्टाचार मुलाकात कर मेडिकल कॉलेज की प्रगति एवं क्षेत्र में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को लेकर चर्चा की. इस दौरान सांसद ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को मिली मान्यता से पूर्वी चंपारण सहित बिहार के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के लिए अब बेहतर अवसर मिलेंगे. साथ ही क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी.
उन्होंने कहा कि विराट रामायण इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस आधुनिक चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा. इससे बड़ी संख्या में स्थानीय छात्रों को मेडिकल की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा और आम लोगों को भी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी.
चकिया से लगभग पांच किलोमीटर दूर कोइलाबेलवा गांव स्थित इस संस्थान में 650 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल संचालित है, जहां विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का इलाज किया जा रहा है. अब 150 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिलने के बाद यह संस्थान बिहार में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अपनी भूमिका को और अधिक मजबूत करेगा.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
