कमरे में मोबाइल छोड़ बाहर गई महिला,दो घंटे में बैंक खातों से उड़ गए ₹1.33 लाख
मुजफ्फरपुर।मोतिहारी. जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक महिला के कमरे में रखा मोबाइल संदिग्ध परिस्थितियों में इस्तेमाल कर उसके दो बैंक खातों से कुल 1.33 लाख रुपये उड़ा लिए गए. पीड़िता ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ साइबर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है.
मिली जानकारी के अनुसार, केसरिया थाना क्षेत्र के दिलावरपुर गांव की रहने वाली हैं रश्मि कुमारी वर्तमान में चकिया स्थित डेरा में रहती हैं. उन्होंने बताया कि वह अपना मोबाइल कमरे में छोड़कर निर्माणाधीन मकान देखने चली गई थीं. करीब दो घंटे बाद लौटने पर मोबाइल पर दो बैंक खातों से पैसे कटने के संदेश मिले.
पीड़िता के अनुसार, पंजाब नेशनल बैंक के खाते से 97 हजार रुपये तथा सेंट्रल बैंक के खाते से 36 हजार रुपये, यानी कुल एक लाख 33 हजार रुपये की निकासी कर ली गई. घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और संबंधित बैंकों से संपर्क किया. इसके बाद बैंक अधिकारियों की सलाह पर साइबर थाना मोतिहारी में आवेदन दिया.
आवेदन में महिला ने आशंका जताई है कि उनकी अनुपस्थिति में किसी अज्ञात व्यक्ति ने कमरे में घुसकर मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए बैंक खाते से राशि निकाल ली. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और साइबर ट्रांजैक्शन का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है. यदि राशि होल्ड या फ्रीज होती है तो उसे वापस कराने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
