घर में चोरी कर रहा शातिर चोर रंगेहाथ पकड़ाया,चोरी की बाइक, नकदी और चांदी की पायल बरामद
मुजफ्फरपुर।मोतिहारी. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमला गांव में बुधवार देर रात चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे एक शातिर चोर को ग्रामीणों और गृहस्वामी की सतर्कता से रंगेहाथ पकड़ लिया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खरगहिया गांव निवासी मिथुन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कब्जे से एक चोरी की बाइक, पांच हजार रुपये नकद और चांदी की एक जोड़ी पायल बरामद की है.
जानकारी के अनुसार, मिथुन अपने तीन साथियों के साथ जमला गांव निवासी रोहन श्रीवास्तव के घर में चोरी कर रहा था. इसी दौरान गृहस्वामी की नींद खुल गई और शोर मचाने पर एक चोर मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि जिस बाइक से वह चोरी करने पहुंचा था, उसे एक दिन पहले अरेराज से चोरी किया गया था. पुलिस ने बाइक को भी जब्त कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों में एक की पहचान जमला गांव निवासी मो. मासूम के रूप में हुई है. जांच में यह भी सामने आया है कि मिथुन और मो. मासूम पहले भी जेल जा चुके हैं. दोनों की दोस्ती जेल में हुई थी और रिहा होने के बाद दोनों ने मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया.
गृहस्वामी रोहन श्रीवास्तव का दावा है कि उनके घर से नकदी, आभूषण समेत करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है. पुलिस फरार बदमाशों और चोरी गए अन्य सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. छापेमारी टीम में दारोगा सुभाष कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
