Samastipur

“छात्रा हत्याकांड में मुख्य आरोपी बबलू साह पर केस दर्ज:पुलिस ने फोटो जारी किया

समस्तीपुर।वैनी थाना क्षेत्र के कैंजिया विष्णुपुर गांव में छात्रा सुमन कुमारी की गोली मारकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपी बबलू साह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतका के पिता उमेश कुमार ठाकुर के बयान पर दर्ज एफआईआर में चंदौली बाहा टोला निवासी लालबाबू साह के पुत्र बबलू साह और अन्य अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। वैनी थानाध्यक्ष कल्पना कुमारी ने बताया कि आरोपी पर हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

पुलिस छात्रा के मोबाइल पर आए कॉल की जांच कर रही है और कैजिया तथा चंदौली के कुछ युवकों से पूछताछ भी की जा रही है। आरोपी की बाइक कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र से बरामद कर ली गई है। फरार होने के दौरान आरोपी अपना मोबाइल समस्तीपुर में इलाज करा रहे अपने चचेरे भाई के पास छोड़ गया था, जिसने घटना की जानकारी मिलने पर उसे पुलिस को सौंप दिया। हालांकि, हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल अभी तक बरामद नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा, परिवार के सदस्यों को वहां से हटाया और खुद फरार हो गया। उस समय चूल्हे पर रोटियां बन रही थीं, जिन्हें छोड़कर महिलाएं भी भाग निकली थीं। आरोपी तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा है। उसकी मां चंदौली में रहती है, जबकि पिता और अन्य भाई-बहन तमिलनाडु में रहते हैं।

मृतका के पिता ने बताया कि होली के समय आरोपी ने दाढ़ी बनवाने के दौरान उनका मोबाइल नंबर लिया था। बाद में वह उसी नंबर पर फोन कर उनकी बेटी पर शादी का दबाव बनाने लगा और उसे परेशान करता था।

पोस्टमार्टम के बाद सोमवार रात छात्रा का शव गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जिला पुलिस, कई थानों की फोर्स और वज्रवाहन तैनात किए गए। देर रात कड़ी सुरक्षा के बीच श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। मंगलवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग की, साथ ही आंदोलन की चेतावनी भी दी।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!