बरौनी जंक्शन पर बिछड़े दो बच्चों को परिजनों से मिलाया
बरौनी.बरौनी जंक्शन पर बिछड़े दो मासूम बच्चों को रेल पुलिस ने सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया है। बच्चों के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने रेल पुलिस का आभार व्यक्त किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के इस्माइलपुर गांव निवासी रीता देवी और राम कृपाल अपने बच्चों के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेस से गोरखपुर जा रहे थे। इसी दौरान किसी कारणवश उनकी 12 वर्षीय पुत्री सलोनी और 10 वर्षीय पुत्र मनीष यादव बिछड़ गए। दोनों बच्चे बरौनी जंक्शन पर अकेले रह गए और घबराकर रोने लगे।
बरौनी रेल थाना अध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी में तैनात रेल पुलिसकर्मियों की नजर जब रोते हुए बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल दोनों को अपने संरक्षण में लिया और महिला हेल्प डेस्क, रेल थाना बरौनी लेकर पहुंचे। वहां बच्चों को सुरक्षित बैठाकर उनसे पूछताछ की गई तथा उनके परिजनों की जानकारी जुटाई गई। फिर परिजनों से संपर्क स्थापित कर सूचना दी गई।
इसके बाद बच्चों के माता-पिता महिला हेल्प डेस्क, रेल थाना बरौनी पहुंचे। आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चों को सकुशल पाकर माता-पिता की आंखें खुशी से नम हो गईं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
