बेगूसराय में CA-किसान के घर में चोरी:1 करोड़ के जेवरात-कैश लेकर भागे बदमाश
बेगूसराय में चोरों ने कल रात दो चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। चोरों ने एक ही रात में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) और किसान के घर को निशाना बनाया और 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव का है। एक साथ दो घरों में हुई इस भीषण चोरी के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पहली बड़ी वारदात चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) कन्हैया प्रसाद सिंह के घर पर हुई। घटना के वक्त सीए कन्हैया प्रसाद सिंह और उनकी पत्नी घर पर नहीं थे।
भाई चंदन किशोर ने बताया कि भइया-भाभी बाहर रहते हैं। रविवार को दिल्ली में उनके बेटे की नीट (NEET) की परीक्षा है। घर में केवल माता-पिता मौजूद थे, जो आगे के कमरों में सो रहे थे। देर रात बदमाशों ने कन्हैया प्रसाद सिंह के मकान के पीछे लगे लोहे के ग्रिल को कटर से काट दिया और अंदर दाखिल हो गए।
गोदरेज की अलमारी का लॉकर तोड़ा
चोरों ने बड़े ही आराम से कमरे में रखे भारी-भरकम गोदरेज की अलमारी का लॉकर तोड़ दिया। लॉकर के अंदर रखे करीब 700 ग्राम सोने के कीमती आभूषण और 2 लाख की नकदी समेट कर चोर रफूचक्कर हो गए। घटना का पता सुबह तब चला जब कन्हैया प्रसाद सिंह की बुजुर्ग मां घर की सफाई करने के लिए अंदर के कमरों की तरफ जा रही थी।उन्होंने देखा कि अंदर जाने वाला मुख्य किबाड़ भीतर से बंद है। जब दरवाजा नहीं खुला, तो अनहोनी की शंका हुई। इसके बाद जब लोग पीछे के रास्ते से घूमकर अंदर देखने गए, तो पीछे का लोहे का ग्रिल कटा हुआ था। अंदर प्रवेश करने पर देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा था और गोदरेज का लॉकर टूटा हुआ था, जिसमें से सभी जेवरात गायब थे।
पति-पत्नी घर के बाहर के दरवाजे पर सो रहे थे
चोरों ने कन्हैया प्रसाद सिंह के घर को खंगालने के बाद उनके पड़ोसी और पेशे से किसान चंद्रशेखर सिंह के घर को भी अपना निशाना बनाया। चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि वारदात के समय पति-पत्नी घर के बाहर के दरवाजे पर सो रहे थे। चोर इसका फायदा उठाकर चुपके से घर के अंदर प्रवेश किया। सुबह जब पत्नी कमरे के अंदर गई, तो वहां का नजारा देखकर चीख पड़ी।कमरे में सारा सामान अस्त-व्यस्त था। चोरों ने बक्से और आलमारियों को खंगाल कर उनकी पत्नी के करीब 50 ग्राम सोने के आभूषण और 200 ग्राम चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। चोरों ने बेहद शातिर तरीके से चोरी की। उनकी पत्नी ने एक लोटे के अंदर छिपाकर 10 हजार रखे थे, चोर उसे भी ढूंढकर निकाल ले गए। इसके अलावा बक्सा में रखा चंद्रशेखर सिंह का 15 हजार रुपया गायब था।
ग्रिल से फिंगर प्रिंट्स के नमूने लिए
मोहनपुर गांव में एक ही रात दो घरों में हुई इस भीषण चोरी की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर-वन डीएसपी (DSP) आनंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में मुफस्सिल थाना की पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची।मामले के सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम और डॉग स्क्वायड को भी तुरंत मौके पर बुलाया गया। खोजी कुत्ते ने घर और आसपास के रास्तों का मुआयना किया, वहीं FSL की टीम ने अलमारी और ग्रिल से फिंगर प्रिंट्स के नमूने लिए हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
