Samastipur

समस्तीपुर में नल-जल योजना ठप, वार्ड-11 में पानी का संकट:दो दिनों से आपूर्ति बंद

समस्तीपुर के चकले वैनी पंचायत के वार्ड संख्या-11 में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है। नल-जल योजना की मोटर खराब होने के कारण पिछले दो दिनों से पूरे वार्ड में पानी की आपूर्ति ठप है। इससे लगभग 400 परिवारों के सामने गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है।पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने पानी टंकी के पास इकट्ठा होकर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग की। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने हाथों में बाल्टी और अन्य बर्तन लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा

 

ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में पानी की आपूर्ति बंद होने से उनका दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पीने के पानी से लेकर स्नान, खाना बनाने और अन्य घरेलू काम के लिए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय निवासी नीरज कुमार ने बताया कि वार्ड संख्या 11 में 400 से अधिक परिवार नल-जल योजना पर निर्भर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दो दिन पहले मोटर खराब होने के बाद से पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है, लेकिन संबंधित विभाग ने अब तक खराब मोटर को बदलने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। उनकी लापरवाही के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

 

एक-एक बाल्टी पानी के लिए घंटों मशक्कत

 

नीरज कुमार ने बताया कि पानी की कमी के कारण लोगों को करीब दो किलोमीटर दूर से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। कई परिवारों को एक-एक बाल्टी पानी के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने इस समस्या की जानकारी पंचायत की मुखिया पिंकी देवी को भी दी थी, लेकिन तत्काल कोई समाधान नहीं निकल सका। इसी वजह से लोगों ने प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।

 

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर से हर घर नल का जल पहुंचाने की योजना चलाई जा रही है, लेकिन समय पर रखरखाव और मरम्मत नहीं होने के कारण लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मांग की कि खराब मोटर को अविलंब बदलकर जलापूर्ति शुरू की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।वहीं इस मामले में पंचायत की मुखिया पिंकी देवी ने बताया कि वार्ड-11 में पानी की समस्या की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग को पत्र भेजकर अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पीएचईडी विभाग को मोटर खराब होने की सूचना दे दी गई है और जल्द ही नई मोटर लगाकर पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!