पीएम मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य गंगा आरती, नित्यानंद राय ने किया शुभारंभ
हाजीपुर.प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को हाजीपुर के कोनहारा घाट स्थित नमामि गंगे घाट पर भव्य गंगा आरती एवं मंगल कामना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ नित्यानंद राय ने विधिवत पूजा-अर्चना और मां गंगा की आरती के साथ किया। उन्होंने देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना करते हुए मां गंगा का आशीर्वाद मांगा। इस अवसर पर हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह, नगर परिषद हाजीपुर की सभापति संगीता कुमारी, उपसभापति कंचन कुमारी, भाजपा वैशाली दक्षिणी के जिला अध्यक्ष अजय कुशवाहा तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया।
नमामि गंगे घाट पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और दीपों की रोशनी से पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। गंगा आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर देश और समाज के कल्याण की प्रार्थना की।
अपने संबोधन में नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक मोदी ने देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के विकास को नई दिशा दी। वक्ताओं ने पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए इसे भारत के विकास और प्रगति का महत्वपूर्ण कालखंड बताया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना और राष्ट्र की उन्नति की मंगलकामना के साथ हुआ।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
