दलसिंहसराय:शिक्षक की पुनःबहाली के नाम पर 5 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप,1.20 लाख लेते मुखिया गिरफ्तार
दलसिंहसराय,शिक्षक के पुनर्नियोजन के नाम पर रिश्वत मांगने के एक मामले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दलसिंहसराय प्रखंड के चकबहाउदीन पंचायत के मुखिया शियाराम राय उर्फ बबली राय को 1 लाख 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लियाmगिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम उन्हें अपने साथ समस्तीपुर सर्किट हाउस ले गई.इस कार्रवाई के बाद पूरे पंचायत क्षेत्र में हड़कंप मच गया है,और स्थानीय स्तर पर मामले की व्यापक चर्चा हो रही है.जानकारी के अनुसार, चकबहाउदीन पंचायत के वार्ड संख्या-2 निवासी अब्दुल मन्नान पूर्व में सुजौली गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय मोहना वार्ड संख्या-7 में पंचायत शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
कुछ वर्ष पहले एक छेड़खानी के मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. हालांकि बाद में न्यायालय से उन्हें उक्त मामले में बरी कर दिया गया. न्यायालय से राहत मिलने के बाद उन्होंने पुनः पंचायत शिक्षक के रूप में योगदान देने के लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और विभागीय स्तर पर पुनर्नियोजन का प्रयास शुरू किया.आरोप है कि पुनर्नियोजन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और विद्यालय में दोबारा योगदान कराने के एवज में पंचायत के मुखिया शियाराम राय द्वारा 3 लाख रुपए तथा पंचायत सचिव द्वारा 2 लाख रुपए की मांग की जा रही थी.इस प्रकार कुल 5 लाख रुपए रिश्वत की मांग किए जाने से शिक्षक काफी परेशान थे।
कई बार प्रयास के बावजूद जब बिना पैसे के काम नहीं होने की बात सामने आई तो उन्होंने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की बताया जाता है कि करीब छह माह पहले शिक्षक ने निगरानी विभाग के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई थी.शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की.जांच और सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए.इसके बाद निगरानी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की तैयारी की.पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिक्षक ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 1 लाख 20 हजार रुपए मुखिया को देने की सहमति जताई. गुरुवार को पंचायत स्थित मार्केट कॉम्प्लेक्स में जैसे ही मुखिया ने शिक्षक से राशि ली,पहले से घात लगाए बैठी निगरानी विभाग की टीम के डीएसपी आशीष विद्यार्थी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया।
टीम ने मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुखिया को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई.विभाग अब इस मामले में पंचायत सचिव की भूमिका की भी जांच कर रहा है.शिकायत में सचिव पर भी रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया है.ऐसे में आने वाले दिनों में जांच का दायरा और बढ़ सकता है.इधर, निगरानी विभाग की इस कार्रवाई के बाद पंचायत प्रतिनिधियों और आम लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जांच में सभी आरोप सही साबित होते हैं तो यह पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई मानी जाएगी.
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
