दलसिंहसराय:बीपीएससी में सफलता का परचम लहराने वाली पूजा का हुआ स्वागत
दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर | वाजिदपुर पंचायत निवासी किसान अमरनाथ दुबे एवं सीमा देवी की पुत्री पूजा कुमारी के 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर राजस्व पदाधिकारी (रेवेन्यू ऑफिसर) बनने के बाद शनिवार को पहली बार गांव पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। परिजनों, ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया तथा मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
गांव पहुंचने से पूर्व पूजा कुमारी ने अपने परिजनों के साथ विद्यापति धाम स्थित बाबा महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर सफलता के लिए भगवान का आशीर्वाद लिया। इसके बाद गांव पहुंचने पर आतिशबाजी के बीच उनका जोरदार स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। पूजा कुमारी बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। वर्ष 2018 से वह बिहार पुलिस में अपनी सेवाएं दे रही थीं। नौकरी के साथ लगातार अध्ययन और कठिन परिश्रम के बल पर उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता हासिल कर राजस्व पदाधिकारी का पद प्राप्त किया।