समस्तीपुर बाजार में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई,वसूला जुर्माना
समस्तीपुर: अतिक्रमण से कराह रहे शहर को अब इस समस्या से मुक्त करने के लिए निगम प्रशासन ने पूरी तरह कमर कस लिया है. बाजार में फुटपाथ, सड़क, नालों पर कब्जा जमाए अतिक्रमकारियों के खिलाफ अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है. मंगलवार को नगर उप आयुक्त विभूति कुमार और नगर प्रबंधक आशुतोष मिश्रा के नेतृत्व में पहुंची निगम प्रशासन की टीम ने बाजार में बारह पत्थर मोहल्ला, थानेश्वर स्थान महादेव मंदिर रोड, ताजपुर रोड में सड़क, फुटपाथ व नालों से अतिक्रमण को खाली कराया. यहां कुछ दुकानदारों ने अपने दुकान के सामने सड़क, नाला और फुटपाथ पर दुकान का होल्डिंग पोस्टर लगाकर अतिक्रमण फैला रखा था.
जिससे राह चलते लोगों को आने जाने में काफी परेशानी हो रही थी. निगम प्रशासन की टीम ने उससे जुर्माना वसूला. निगम प्रशासन के अधिकारियों ने सड़क, नालों पर अवैध कब्जा जमाने वाले दुकानदारों को कड़ी फटकार भी लगायी. निगम प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हरकंप मच गया. अतिक्रमणकारी अपना सामान उठाकर वहां से खिसक जाना ही बेहतर समझे. दुकानों के सामने सड़क पर रखे को सामान को समेटने लगे.
नगर उपआयुक्त ने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा पहले चरणबद्ध तरीके से सड़कों पर अतिक्रमण को खाली कराया गया. बाद में उसी आसपास जगह में वेडिंग जोन बनाकर दुकानदार को जगह भी दी गई. इसके बावजूद कुछ सडक नालों पर अस्थायी दुकान लगातार अतिक्रमण फैला रहे हैं. इसके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन सड़क, नाला व फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रतिबद्ध है. इसमें आमजन व व्यवसायियों को सहयोग करने की जरुरत है. आगे भी अभियान जारी रहेगा. निगम प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान 9900 रूपये जुर्माना भी वसूला गया.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
