140 टन क्षमता वाली गॉटवाल्ड डीएचबीडी क्रेन की सफल कमीशनिंग
समस्तीपुर मंडल में 140 टन क्षमता वाली अत्याधुनिक गॉटवाल्ड डीएचबीडी क्रेन का सफलतापूर्वक कमीशनिंग कार्य बुधवार को संपन्न किया गया. यह कार्य जमालपुर की विशेषज्ञ टीम एवं समस्तीपुर के तकनीकी कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से पूरा किया गया. कमीशनिंग के दौरान क्रेन के सभी प्रमुख सिस्टम, जैसे मुख्य एवं सहायक इंजन, का परीक्षण किया गया वे पूरी तरह कार्यशील पाए गए.
प्रारंभिक निरीक्षण में पाई गई मामूली हाइड्रोलिक एवं न्यूमैटिक लीकेज को ठीक कर लिया गया तथा क्रेन की उचित पोजिशनिंग सुनिश्चित की गई. ट्रायल संचालन के तहत मैच ट्रक को उठाने एवं 180 डिग्री तक घुमाने (स्ल्यूइंग) का सफल परीक्षण किया गया. साथ ही, इंजन की जांच, वायर रोप की सफाई एवं ग्रीसिंग जैसे आवश्यक मेंटेनेंस कार्य क्यूमिन्स के तकनीकी सहयोग से पूर्ण किए गए.
क्रेन में स्थापित (एसएलआई) सेल्फ लोग इंडीकेटर प्रणाली, जिसे एचएमएम हाईटेक ने विकसित किया है, का भी सफल परीक्षण एवं आवश्यक सुधार किया गया. मंडल में किए गए अंतिम लोड ट्रायल में क्रेन ने 38.03 टन वजन वाले आईसी कोच को सफलतापूर्वक उठाकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया. इसके बाद इसे संचालन के लिए पूरी तरह उपयुक्त घोषित किया गया.
डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि गॉटवाल्ड डीएचबीडी क्रेन भारतीय रेल में भारी दुर्घटना राहत कार्यों के लिए प्रयोग की जाने वाली एक अत्याधुनिक और विश्वसनीय मशीन मानी जाती है. इस प्रकार की उच्च क्षमता वाली क्रेन पूर्व में भी बड़े रेल हादसों में त्वरित राहत एवं बहाली कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है. इसकी उन्नत तकनीक, उच्च उठान क्षमता एवं सटीक नियंत्रण प्रणाली इसे रेलवे के लिए एक अमूल्य संपत्ति बनाती है. इस क्रेन के समस्तीपुर मंडल में उपलब्ध होने से दुर्घटना के समय राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी आएगी.
इससे ट्रेनों के परिचालन को शीघ्र बहाल किया जा सकेगा. इसके अतिरिक्त, भारी कोचों एवं वैगनों के रखरखाव तथा डिरेलमेंट की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी. इससे मंडल की समग्र सुरक्षा एवं कार्यकुशलता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी. भविष्य में इसका वार्षिक अनुरक्षण कार्य भी मंडल में ही किया जाएगा, ऐसी व्यवस्था की जा रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
