मौसम का हाल:18 के बाद 4 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, तेज होगी गर्मी; हीट वेव भी चलेगी
पटना.राजधानी समेत राज्यभर में मौसम के तेवर बिगड़े हुए हैं। पटना मौसम केंद्र के मुताबिक 18 अप्रैल के बाद दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में पारा 4 डिग्री तक बढ़ेगा, जिससे अधिकतम तापमान 40 के पार जाने की संभावना है।
गयाजी, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, नवादा, बक्सर समेत कई जिलों में हीट वेव की स्थिति बनेगी। उत्तर-पूर्व बिहार के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण और कई ट्रफ लाइन बनी हैं। इससे नमी कम हो रही है और मौसम शुष्क बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाएं तापमान को लगातार बढ़ा रही हैं। कई जगहों पर हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी तक पहुंच रही है। इससे अब दिन में बाहर निकलना मुश्किल होने लगा है। शरीर में पानी की कमी और थकान बढ़ रही है। खासकर बच्चे और बुजुर्ग ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
बारिश के आसार कम : पिछले 24 घंटों में पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहा। अगले 7 दिनों तक अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना नहीं है। अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में एक-दो जगह हल्की बारिश संभव है। इस बीच राज्य में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री से 39.4 सेल्सियस के बीच बना रहा। सासाराम के डेहरी में सबसे अधिक 39.4 डिग्री तापमान रहा। राजधानी पटना में भी अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा। आलम यह था कि राजधानी में सुबह से ही तेज धूप हो गई थी।
डॉक्टरों की सलाह
दोपहर में बाहर निकलने से बचें।
पानी ज्यादा पिएं।
हल्के और सूती कपड़े पहनें।
सिर ढककर बाहर निकलें।
क्यों बढ़ रही गर्मी
उत्तर-पूर्वी बिहार के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय। }पूर्व-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण ट्रफ लाइनें राज्य से गुजर रहीं। }पश्चिमी विक्षोभ कमजोर, इसलिए ठंडा असर नहीं मिल रहा। }ऊपर के स्तर पर तेज जेट स्ट्रीम हवाएं, लेकिन सतह पर गर्मी हावी। }इन सभी कारणों से नमी घटी और तापमान बढ़ा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
